khabar abhi tak

रेत कारोबारी के हत्यारे गिरफ्तार, नागपुर से जुड़े मास्टरमाइंड के तार


सिहोरा हत्याकांड: आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश, रिमांड मिली

जबलपुर।  सिहोरा में दिनदहाड़े रेत कारोबारी चिंटू उर्फ धर्मेंद्र ठाकुर की गोली मारकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य आरोपियों को दर्शनी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए हत्यारे, रीवा और सिहोरा के रहने वाले हैं और इनका सीधा संबंध शहर के कुख्यात बदमाश अस्सू विश्वकर्मा से बताया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि इस जघन्य हत्याकांड का मास्टरमाइंड अस्सू है, जो वर्तमान में नागपुर में इलाज करा रहा है।

​दिनदहाड़े वारदात से सनसनी

​गुरुवार दोपहर को सिहोरा-खितौला के रेत कारोबारी चिंटू उर्फ धर्मेंद्र ठाकुर जब सिहोरा जाने के लिए अपने घर से निकले और करीब 200 मीटर आगे ही पहुंचे थे, तभी बाइक पर सवार होकर आए लवी उर्फ सोम तिवारी और शेखर बर्मन ने उन्हें रोक लिया। संघर्ष के दौरान जैसे ही चिंटू गिरे, बदमाशों ने एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें बदमाशों को चिंटू को पकड़कर, पटककर और सिर से सटाकर गोली मारते देखा गया था। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी कटनी की ओर भागे और फिर दर्शनी गांव के बाहर एक सुनसान जगह पर छिप गए। दोनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे, जिससे उन तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।

लावारिस बाइक ने आरोपियों का सुराग दिया

​पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच, खितौला और सिहोरा थाना की पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार दोपहर को एएसपी को सूचना मिली कि दर्शनी गांव के पास एक सुनसान जगह पर एक लावारिस बाइक खड़ी है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छिपे हुए दोनों हत्यारों सोम तिवारी और शेखर बर्मन को गिरफ्तार कर लिया।

​नागपुर जाएगा पुलिस का विशेष दस्ता

​पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी कुख्यात बदमाश अस्सू विश्वकर्मा के करीबी साथी हैं। चिंटू ठाकुर और अस्सू विश्वकर्मा के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। पुलिस का मानना है कि दोनों हत्यारों ने यह वारदात अस्सू विश्वकर्मा के कहने पर ही की है।अस्सू विश्वकर्मा इस समय नागपुर में अपना इलाज करा रहा है। हत्याकांड के तार नागपुर से जुड़ते देख, जबलपुर पुलिस की एक विशेष टीम जल्द ही नागपुर के लिए रवाना होगी, जो अस्सू विश्वकर्मा से गहन पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि अस्सू से पूछताछ के बाद इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश और मकसद का खुलासा हो पाएगा। खितौला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान पुलिस हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना से संबंधित अन्य साक्ष्य जुटाने का प्रयास करेगी। इस हत्याकांड के खुलासे से सिहोरा क्षेत्र में दहशत का माहौल कुछ कम हुआ है, लेकिन पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak