बिजली सरचार्ज का निकल रहा समाधान,सुलझ रहे पेंच


ग्रामीण इलाकों में चल रहा जागरूकता अभियान, 31 दिसंबर तक पहला चरण जारी

जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MPEZ) की समाधान योजना उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। जबलपुर संचारण एवं संधारण वृत्त के तीनों संभागों के 700 बकायादार उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाते हुए अब तक 10 लाख 69 हजार 211 रुपए का बकाया बिजली बिल जमा किया है। इससे उन्हें 89 हजार 698 रुपए के सरचार्ज में छूट मिली है।

-गांव-गांव पहुंच रही टीम

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी और कर्मचारी खुद उपभोक्ताओं के घरों और खेतों तक पहुंचकर उन्हें योजना के फायदे समझा रहे हैं, ताकि बकाया और सरचार्ज का बोझ कम हो सके।

-दो चरणों में चलेगी योजना

‘समाधान योजना’ का पहला चरण 3 नवंबर से 31 दिसंबर तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 1 जनवरी से 28 फरवरी तक रहेगा। इस अवधि में उपभोक्ताओं को सरचार्ज पर शत-प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। यह छूट एक करोड़ रुपए तक के बकाया पर लागू होगी।

-ऑनलाइन भी मिल रहा फायदा

बिजली उपभोक्ता mpez.co.in वेबसाइट पर जाकर अपने IVRS नंबर के माध्यम से छूट की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही, क्यूआर कोड स्कैन कर घर बैठे बिल भुगतान करने पर भी सरचार्ज माफी का लाभ मिल रहा है।बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि नियत तिथि के बाद एक दिन की देरी पर भी सरचार्ज लगना शुरू हो जाता है, जो आगे चलकर उपभोक्ता के लिए आर्थिक बोझ बन सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post