मुंबई से कोलकाता जा रहे विमान का इंजन फेल, हुई इमरजेंसी लैंडिग, हवा में अटकी रही 170 यात्रियों की सांसें

मुंबई. मुंबई से कोलकाता जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान को रविवार 9 नवम्बर की देर रात तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान के एक इंजन में गड़बड़ी आने के बाद, पायलट ने फुल इमरजेंसी घोषित की और विमान को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रात करीब 11:38 बजे सुरक्षित उतारा गया। उड़ान संख्या स्त्र670 में 170 से अधिक यात्री सवार थे। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कोलकाता के लिए रवाना हुआ था और गंतव्य के करीब पहुंचने ही वाला था जब पायलट ने इंजन में खराबी महसूस की। तुरंत ही हवाई अड्डा प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इमरजेंसी घोषित करते हुए आपात लैंडिंग के लिए रनवे खाली कराया।

हवाई अड्डे की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, जिसमें दमकल गाडिय़ां, एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ शामिल थे, को रनवे पर तैनात किया गया था। विमान रात 11:27 बजे सुरक्षित उतर गया और 11:38 बजे आपात स्थिति हटा ली गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। इससे पहले भी सितंबर महीने में पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान को तकनीकी खराबी के चलते उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस लौटना पड़ा था। हालांकि उस स्थिति में आपातकालीन लैंडिंग नहीं कराई गई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post