तेज बारिश के चलते गिरी घर की दीवार, तीन बच्चे घायल,
byKhabarAbhiTak-
0
छिंदवाड़ा। चौरई क्षेत्र के ग्राम खुटिया बाका में भारी बारिश के चलते एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई। हादसे में मजदूर परिवार के तीन मासूम बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए। घायलों में नैतिक उम्र 15 वर्ष, समर 11 वर्ष व अमर 7 वर्ष शामिल हैं। घायलों को मां लता ऊईके ने ग्रामीणों की मदद से शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर तीनों बच्चों को भरती कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 11 बजे लता ऊईके के मकान की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। जिसकी चपेट में आकर तीनों बच्चे दब गए। दीवार गिरते देख मां लता उईके चीख पड़ी, शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने जेसीबी की मदद से मलबा हटाते हुए तीनों बच्चों को निकालकर चौरई के अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद दो बच्चों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया। तीसरे बच्चे की हालत सामान्य बताई जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण बच्चों की हालत को लेकर चिंतित नजर आए। लता ऊईके ने बताया कि तीनों बच्चे अब खतरे से बाहर हैं और इलाज चल रहा है। हादसे के बाद जेसीबी बुलाकर मलबा हटवाया गया था। फिलहाल तीनों बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी स्थिति सामान्य है