khabar abhi tak

हिमाचल में मानसून का कहर, हादसों में मृतकों की संख्या बढ़कर 263 हुई, 1 हजार मवेशी भी हुए मृत

शिमला. हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश से राज्य के विभिन्न हिस्सों में तबाही मची है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, रविवार को चंबा और कांगड़ा में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गयी। इस तरह अब तक मानसून जनित हादसों में मरने वालों की संख्या 263 हो गई है। राज्य में 20 जून से, 332 लोग घायल हुए हैं और 1,050 से ज़्यादा पशुओं की मौत हुई है। संपत्ति और फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है।

मूसलाधार बारिश ने पूरे क्षेत्र को अलग-थलग कर दिया है और संपर्क को ठप कर दिया है। सुन्नी में तातापानी के पास सतलुज नदी के पानी से सड़क के एक हिस्से के बह जाने के बाद करसोग निर्वाचन क्षेत्र का शिमला से सड़क संपर्क टूट गया है। कुल्लू जि़ले में सैंज-औट मार्ग पर हुए एक बड़े भूस्खलन के कारण 15 पंचायतों का संपर्क टूट गया है। तीन राष्ट्रीय राजमार्गों (संख्या- 03, संख्या-05, और संख्या-305) सहित लगभग 397 सड़कें भूस्खलन, अचानक आयी बाढ़ और जल बहाव के कारण अवरुद्ध हैं। शिमला-मंडी राजमार्ग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। राजमार्ग के कुछ हिस्सों में सड़क की चौड़ाई घटकर केवल 1.5 मीटर हो जाने कारण यातायात असुरक्षित हो गया है।

राष्ट्रीय आपात संचालन केन्द्र(एसईओसी) ने कहा है कि मानसूनी आपदा में 697 मकान पूर्ण रुप से 2,342 आंशिक रूप से नष्ट हो गये हैं और 415 दुकानों तथा हजारों हेक्टेयर फसलों को नुकसान हुआ है। कुल मिलाकर 2.17 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। अधिकारियों ने जनता से अनावश्यक यात्रा खासकर नदी के किनारों और भूस्खलन वाले क्षेत्रों और ढलानों पर जाने से बचने की अपील की है। बार-बार भूस्खलन और लगातार बारिश के कारण बचाव और निकासी अभियान में बाधा आ रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak