khabar abhi tak

मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी, MP के 21 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

 

भोपाल. अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के चलते बारिश आंधी का दौर जारी है। शुक्रवार को भी मध्यप्रदेश के कई जिलों में दिन में तेज गर्मी के साथ दोपहर बाद तेज आंधी चली। बारिश भी हुई। मौसम विभाग की मानें, तो शनिवार को नौतपा के सातवें दिन भोपाल, जबलपुर सहित एमपी के जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है। फिलहाल एक जून तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है।

तापमान में गिरावट

शुक्रवार को दिन भर बादलों की मौजूदगी रही। दोपहर बाद तेज हवा चलने व बारिश से दिन का अधिकतम तापमान हल्का गिरा। यह 38 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम था। रात का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज हुआ। यह भी सामान्य से तीन डिग्री कम था। आज भी तापमान बढऩे के आसार नही हैं।

इन जिलों में बारिश की चेतावनी

शनिवार को जिन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, उनमें भोपाल, सीहोर, विदिशा, रायसेन, मुरैना, भिंड, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, मैहर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि प्रदेश में शनिवार को बारिश और आंधी की एक्टिविटी रहेगी। ऐसा ही मौसम 3 जून तक रहेगा।

कई सिस्टम सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में पश्चिम बंगाल एवं उससे लगे बांग्लादेश पर अवदाब का क्षेत्र और पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ऊपर हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात बने हुए हैं। एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से होकर पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के क्षेत्र और अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है, मानसून जून के दूसरे सप्ताह में दस्तक दे सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak