जबलपुर। सीओडी-करौंदी मार्ग पर सोमवार सुबह 8.30 बजे टैगोर पब्लिक स्कूल परिसर से सटे एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। यह स्थल केंद्रीय आयुध भंडार गृह (सीओडी) से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित था। कैंट बोर्ड द्वारा संचालित इस विद्यालय में करीब 750 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। रोज की तरह सुबह 9 बजे बच्चे विद्यालय पहुंचने वाले थे। गंभीर खतरे को देखते हुए पूर्व कैंट बोर्ड सदस्य राजीत यादव ने तुरंत स्थानीय नागरिकों की मदद से लपटों को रोकने की कवायद शुरू की। इसके साथ ही उन्होंने नगर निगम एवं रक्षा प्रतिष्ठान सीओडी के अग्निशमन दस्तों को तुरंत सूचना देकर मौके पर बुलवाया।
फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने समय रहते पाया काबू
सूचना मिलते ही दोनों विभागों के दमकल वाहन तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और तेजी से पानी की बौछारें शुरू कर दीं। गोदाम की दीवार से विद्यालय की सीमा सटी थी और पास में ही सैन्य डिपो की बाउंड्री वॉल भी लगी हुई थी। समय पर अग्निशामक वाहनों के आने तथा सामूहिक प्रयासों से आग को चारों तरफ फैलने से पहले ही पूरी तरह बुझा दिया गया। सही समय पर उठाए गए इन ठोस कदमों से एक बड़ा हादसा टल गया और जान-माल की भारी हानि होने से बच गई।
