जबलपुर/भोपाल. मध्यप्रदेश में अगले 3 दिनों तक जबलपुर संभाग सहित अन्य संभागों के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में रीवा संभाग के ज्यादातर जिलों, नर्मदापुरम और शहडोल संभाग के कई इलाकों में बारिश हुई। जबलपुर में सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी रहा, जबकि इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग में कहीं-कहीं बारिश हुई।
मौसम में बदलाव की बड़ी वजह उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना गहरा अवदाब है। रिपोर्ट के मुताबिक यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और 24 सितंबर की शाम के आसपास धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप्रेशन में बदलने की संभावना थी। इसके बाद अगले 24 घंटे में भी इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर होने के आसार हैं। इसका असर मध्यप्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, पन्ना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, दमोह, सागर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं इसका असर रह सकता है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
सिंगरौली, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, रीवा और सागर में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट है।
दिन में गर्मी, रात के तापमान में बढ़ोतरी
पिछले 24 घंटे में मध्यप्रदेश के अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। नर्मदापुरम, ग्वालियर और सागर संभागों में रात का तापमान सामान्य से 1.7 से 2.3 डिग्री ज्यादा रहा, जबकि शहडोल संभाग में तापमान सामान्य से करीब 3.9 डिग्री तक ज्यादा रहा। मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा 35.4 डिग्री तापमान जबलपुर में और सबसे कम 19.8 डिग्री तापमान धार में दर्ज किया गया।
