khabar abhi tak

एमपी : सीएम मोहन यादव का ऐलान, 1 लाख युवाओं को रोजगार, भोपाल से शारजाह सीधी फ्लाइट सेवा

भोपाल. एमपी में 80वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह शनिवार को राजधानी के लाल परेड मैदान में आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली. इसके बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास, किसानों, युवाओं और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.

मुख्यमंत्री ने बताया कि, भोपाल से जल्द ही शारजाह के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू होगी. वहीं, वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाने और एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं और अदम्य साहस के लिए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को पदक देकर सम्मानित किया गया.

भोपाल से शारजाह के लिए जल्द शुरू होगी सीधी उड़ान

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए भोपाल से शारजाह के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि, इससे मध्य प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी. साथ ही व्यापार, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में भी प्रदेश को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है.

किसानों को जमीन के बदले मिलेगा चार गुना मुआवजा

मुख्यमंत्री ने किसानों से जुड़ी बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि, ''विकास परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन लिए जाने पर उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जा रहा है. सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास और किसान कल्याण के बीच संतुलन बनाए रखने का प्रयास कर रही है.

2027 होगा युवा वर्ष, एक लाख से ज्यादा रोजगार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं के लिए भी बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि, वर्ष 2027 को मध्य प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा. इस दौरान सरकार का लक्ष्य एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. इसके साथ ही युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा.

मध्य प्रदेश के वीरों को पदक से किया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने अदम्य साहस और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्वयंसेवकों को विभिन्न श्रेणियों में पदक प्रदान कर सम्मानित किया. इस दौरान सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक, राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक और सराहनीय सेवा पदक से कई लोगों को अलंकृत किया गया.

सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से दो वीर सम्मानित

सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से मंदसौर के स्वर्गीय मनोहर सिंह चौहान को मरणोपरांत तथा दमोह के सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा को सम्मानित किया गया. दोनों को उनके साहस और उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया.

राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में ये अधिकारी शामिल

राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किए जाने वालों में योगेश देशमुख, सीमा सुरक्षा बल के पुलिस महानिरीक्षक मकरंद देऊस्कर, उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राकेश गुप्ता, इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला, उप पुलिस महानिरीक्षक अवधेश कुमार गोस्वामी, सेवानिवृत्त निरीक्षक शिवकुमार पटेल, 25वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक वाल्टर हेनरी एक्का और 7वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक देवेन्द्र कुमार कौशल शामिल रहे.


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak