सागर। सागर के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व की मुहली रेंज में आज को वनकर्मी पर बाघ ने हमला किया। हमले में वनकर्मी के पैर में गंभीर चोटें आई है, घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल वनकर्मी को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर वन कर्मी की हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है।
बताया गया है कि वनकर्मी बाबूलाल रैकवार उम्र 37 साल आज टाइगर रिजर्व की मुहली रेंज में ड्यूटी करने पहुंचा। जहां पर वह मोटर साइकल से गश्त कर रहा था, इस दौरान बाघ के पगमार्क दिखे। पगमार्क देखकर वह बाघ के मूवमेंट को देखने आगे बढ़ रहा था, इस दौरान जंगल में बाइक पर ही बाघ ने हमला कर दिया। हमला होते ही बाबूलाल बाइक सहित गिर गया, जिसके पैर को बाघ ने जबड़े में दबाया और घसीटते हुए जंगल में ले जाने लगा। बाबूलाल ने किसी तरह अपने आप को बचाया और अधिकारियों को खबर दी। मौके पर पहुंची टीम ने बाबूलाल को बचाकर रहली स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया, जहां पर घायल बाबूलाल की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
Tags
sagar