बताया गया है कि सिवनी में 8 वर्षीय बालक शिवा साहू को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप चोटें आई। हालत को देखते हुए परिजन शिवा को लेकर जबलपुर में नेपियर टाउन स्थित आदित्य अस्पताल लेकर पहुंचे। इस बीच दुर्घटना में शामिल वाहन का मालिक, चालक व उनके परिचित भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल के बाहर दोनों पक्षों के बीच मुआवजा को लेकर बातचीत चल रही थी, इस दौरान विवाद होने लगा, देखते हुए देखते तनाव का माहौल निर्मित हो गया, दोनों ही पक्ष एक दूसरे के साथ झगड़ा करते हुए हाथापाई पर उतारु हो गए। माहौल बिगड़ते देख अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए शांत कराया। हालांकि आदित्य अस्पताल में बच्चों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल बालक को तुरंत विक्टोरिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। मदन महल पुलिस ने एहतियातन दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक को हिरासत में लिया है। ड्राइवर के नशे में होने की आशंका पर पुलिस ने कहा कि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल, घायल बच्चे का इलाज सरकारी अस्पताल में जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।