जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी-सिंगरौली रेल मार्ग पर स्थित ब्यौहारी रेलवे स्टेशन की अमृत स्टेशन के तहत व्यापक पुनर्विकास किया गया है. जिससे इसे नई पहचान मिली है. यह स्टेशन लंबे समय से क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र रहा है। व्यस्त कोयला परिवहन मार्ग पर स्थित होने के कारण यह स्टेशन परिचालन की दृष्टि से अत्यंत अहम है और आसपास के अनेक गांवों को रेलवे नेटवर्क से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कटनी-सिंगरौली रेल मार्ग के मध्य स्थित ब्यौहारी स्टेशन यात्रियों के नियमित आवागमन का प्रमुख केंद्र है। वर्तमान में यहां से प्रतिदिन 03 जोड़ी नियमित ट्रेनें, 02 जोड़ी त्रि-साप्ताहिक, 01 जोड़ी द्वि-साप्ताहिक तथा 05 जोड़ी साप्ताहिक ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही इस व्यस्त कोयला परिवहन मार्ग पर बड़ी संख्या में मालगाडिय़ों का संचालन भी होता है, जिससे स्टेशन का परिचालनिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
यह स्टेशन एनएसजी-5 श्रेणी में वर्गीकृत है, जहां प्रतिदिन औसतन लगभग 2055 यात्रियों का आवागमन होता है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 20.58 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का आधुनिकीकरण एवं पुनर्विकास कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
इस परियोजना के अंतर्गत स्टेशन भवन का पूर्ण नवीनीकरण किया गया है। मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम हो सके। दिव्यांगजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर टैक्टाइल पाथ, रैंप, समर्पित पार्किंग तथा विशेष रूप से डिजाइन किए गए शौचालयों की व्यवस्था की गई है।
यात्री सुविधाओं के विस्तार के तहत स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया गया है। आधुनिक बैठने की व्यवस्था, डिजिटल सूचना बोर्ड, हाई-लेवल प्लेटफॉर्म तथा नए शेड स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा सुरक्षा का विशेष ध्यान एवं 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज भी बनाया गया हैं। बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आकर्षक लाइटिंग के माध्यम से स्टेशन की बाहरी दीवारों को आकर्षण पेन्टिंग से नया रूप दिया गया है।
ब्यौहारी स्टेशन के इस पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य इसे एक आधुनिक, सुविधाजनक और यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित करना है। इस पहल से न केवल स्थानीय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन प्राप्त होगा।
