एमपी : मवेशी चराने से रोकने पर महिला की पिटाई से मौत, परिजनों-ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय घेरा

कटनी. एमपी को कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र में खेत में मवेशी चराने से रोकने पर एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना ग्राम धवैया में 29 दिसंबर 2025 को हुई थी। जानकारी के अनुसार, भोला प्रसाद कुशवाहा के खेत में गेहूं की फसल लगी थी, जहां गांव का रज्जन पाठक अपने मवेशियों को चरा रहा था। जब भोला की पत्नी कलावती कुशवाहा ने फसल को नुकसान होते देख मवेशियों को खेत से बाहर निकालने को कहा, तो रज्जन पाठक ने उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। कलावती की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

इलाज के दौरान महिला की हुई मौत

गंभीर रूप से घायल कलावती को तत्काल बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया, जहां 1 जनवरी 2026 को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप

महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि घटना के दिन बरही पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका यह भी कहना है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड होने के बावजूद उसे खुला छोड़ दिया गया। इसके अलावा, इलाज के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा भी लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और शुरुआती लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post