khabar abhi tak

जीआरपी के एएसआई की दमोह में सड़क हादसे में मौत, ड्यूटी पर जा रहे थे महेश कोरी, तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर

दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह में रविवार 31 अगस्त की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के सहायक उप-निरीक्षक महेश कोरी की मौत हो गई। क्रिश्चियन कॉलोनी के रहने वाले कोरी सुबह 8 बजे अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे।

किल्लाई नाका चौराहे के पास जबलपुर-सागर मुख्य मार्ग पर एक यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे हवा में उछलकर 15 फीट दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। मृतक के भाई लखन कोरी ने शहर में तेज रफ्तार बसों पर नियंत्रण की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर कई स्कूल हैं, जहां बच्चों का आवागमन होता है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। जीआरपी थाना प्रभारी एचएल चौधरी ने बताया कि एक दिन पहले ही उन्होंने कोरी को स्थाई वारंट के नोटिस तामील करने के निर्देश दिए थे। वे इसी ड्यूटी को निभाने जा रहे थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak