अखिल भारतीय ओबीसी महासभा और एसटी-एससी संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में हुए प्रदर्शन में किसानों ने कलेक्टर के खिलाफ भी नारे लगाए। जिला पंचायत सदस्य प्रदीप पटेल ने कलेक्टर के आदेश को काला कानून बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदीप पटेल ने कहा कि सरकार ने बीते एक साल में पराली के सही प्रबंधन की व्यवस्था नहीं की और अब किसानों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी किया जा रहा है। धरना स्थल पर पहुंचीं एसडीएम ज्योति परस्ते ने किसानों से चर्चा की। उन्होंने उनकी मांगें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। हालांकि, प्रदर्शन के बाद भी आदेश वापस लेने पर सहमति नहीं बनी। प्रदर्शन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विवेक पटेल, अखिलेश शारदानंद, जितेंद्र कुर्मी, रामराज पटेल और बिहारी पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।