khabar abhi tak

पश्चिम मध्य रेल की स्काउट्स-गाइड्स रैली शुरू, पांच दिन तक दिखेगा युवाओं का हुनर

भोपाल में स्काउट्स-गाइड्स का शक्ति प्रदर्शन, 400 प्रतिभागियों ने किया मार्च पास्ट

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 9वीं राज्य स्तरीय रैली का रविवार, 1 नवंबर को भोपाल स्थित रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड, हबीबगंज रेलवे कॉलोनी में भव्य शुभारंभ हुआ। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने ध्वजारोहण, समारोह परेड और बैंड डिस्प्ले के बीच रैली के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।

1 से 5 नवंबर तक आयोजित इस पांच दिवसीय रैली में पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय सहित भोपाल, जबलपुर और कोटा मंडलों के लगभग 400 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं यूनिट लीडर्स भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पंकज त्यागी और महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा का स्काउट्स एवं गाइड्स ने पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत किया। अतिथियों को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान राज्य सचिव ने पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट्स-गाइड्स की प्रार्थना और ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद ध्वज गीत प्रस्तुत किया गया। समारोह में सेरेमोनियल मार्च पास्ट और बैंड डिस्प्ले प्रमुख आकर्षण रहे। प्रतिभागियों ने अनुशासन, एकजुटता और संगठनात्मक भावना का प्रदर्शन किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।

रैली के दौरान विभिन्न गतिविधियां, प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, टीम भावना, रचनात्मकता और सामाजिक सेवा के गुण विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

आयोजन का प्रमुख आकर्षण 4 नवंबर को होने वाला ग्रैंड कैंपफायर एवं समापन समारोह होगा। इसमें पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

यह रैली युवाओं को व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रप्रेम, मानवीय मूल्यों और सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित करने के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने का मंच प्रदान कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak