khabar abhi tak

ब्योहारबाग कन्या शाला में छात्राओं से कराई सफाई, अभिभावकों की शिकायत पर प्रभारी प्राचार्या को नोटिस

जबलपुर. शहर के शासकीय कन्या शाला ब्योहारबाग में दीपावली की सफाई के दौरान छात्राओं से कचरा उठवाने का मामला सामने आया है। छात्राओं के अभिभावकों ने इस पर आपत्ति जताई तो स्कूल के शिक्षकों से उनका विवाद हो गया। एक अभिभावक ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की गई है। विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्कूल की प्रभारी प्राचार्या को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

बच्चियों को सफाई करते देख अभिभावकों ने जताई आपत्ति

घटना मंगलवार की बताई जा रही है। छात्राओं को लेने स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने देखा कि बच्चियां पढ़ाई करने के बजाय कक्षा में कचरा उठा रही थीं और सफाई कर रही थीं। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में सफाई कर्मचारी पदस्थ होने के बावजूद छात्राओं से यह काम कराया जा रहा था।

इस पर उन्होंने स्कूल प्रबंधन के सामने विरोध जताया और घटना का वीडियो बना लिया। अभिभावकों के मुताबिक, आपत्ति करने पर प्राचार्या की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। आरोप है कि उनसे कहा गया कि बच्चों को ले जाना है तो ले जाएं। इस बात को लेकर अभिभावकों और शिक्षकों के बीच विवाद हो गया। बाद में अभिभावकों ने शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई।

प्रभारी प्राचार्या को नोटिस जारी

जानकारी के अनुसार, दीपावली के मद्देनजर स्कूल में सफाई अभियान चलाया जा रहा था। यह काम स्कूल में पदस्थ सफाई कर्मचारियों से कराया जाना था, लेकिन छात्राओं को भी इसमें लगा दिया गया। अभिभावकों का कहना है कि बच्चियों को स्कूल पढ़ाई के लिए भेजा जाता है, न कि सफाई कराने के लिए।

जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्कूल में छात्राओं से सफाई कराए जाने की शिकायत की जांच की जाएगी। इस संबंध में प्रभारी प्राचार्या को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak