पेंशनर्स को महंगाई राहत में मिली सीधी बढ़ोतरी
जबलपुर। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दीपावली पर्व पर बिजली क्षेत्र के सेवारत कर्मचारियों, पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनधारकों के लिए महंगाई भत्ते एवं राहत में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस फैसले के तहत मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी, मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी और पूर्ववर्ती मध्यप्रदेश राज्य विद्युत मंडल से 1 जून 2005 से पहले सेवानिवृत्त हुए करीब 59000 पेंशनर्स को इसका फायदा मिलेगा। एमपी ट्रांसको के मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश शर्मा के अनुसार शासन के ज्ञाप क्रमांक एफआईएन/4/0009/2025/नियम-चार, दिनांक 30.10.2026 के आधार पर यह आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। इसके जरिए छठवें वेतनमान में 5 प्रतिशत और सातवें वेतनमान में 2 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि लागू कर दी गई है। यह बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी, जिसका नियमित भुगतान अगस्त 2026 से जोड़ा गया है। नई व्यवस्था के तहत पेंशनर्स को छठवें वेतनमान पर कुल 262 प्रतिशत और सातवें वेतनमान पर कुल 60 प्रतिशत की दर से महंगाई राहत मिलेगी। यह प्रावधान 80 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी समान रूप से लागू रहेगा। साथ ही इस वित्तीय गणना का आधार पेंशन समर्पण से पहले तय मूल पेंशन अंश को ही माना जाएगा।
कार्मिकों के खाते में आएगा तीन किस्तों का एरियर
विद्युत ट्रांसमिशन कंपनी में सेवारत कर्मचारियों के लिए 31 अक्टूबर को जारी अलग आदेश के अनुसार सातवें वेतनमान के तहत मूल वेतन पर 2 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता दिया गया है। इसके प्रभावी होने के बाद कुल देय भत्ता 1 जनवरी 2026 से 60 प्रतिशत तय हो गया है। माह अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ इस बढ़े हुए 2 प्रतिशत का नकद भुगतान कार्मिकों को कर दिया गया है। शेष बची 1 जनवरी 2026 से 30 सितंबर 2026 तक की नौ महीनों की एरियर राशि का वितरण तीन बराबर किश्तों में होगा। यह भुगतान नवंबर 2026, दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 के मासिक वेतन के साथ खातों में जमा कराया जाएगा। निर्धारित समयावधि के दौरान सेवानिवृत्त अथवा दिवंगत हो चुके कर्मचारियों के प्रकरणों में उनके स्वयं या उनके वैध नामांकित आश्रितों को संपूर्ण बकाया एरियर एकमुश्त प्रदान किया जाएगा।
