जबलपुर। रोशनी के पर्व दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जबलपुर नगर निगम ने शहरभर में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सफाई, सुरक्षा, रोशनी और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में एमआईसी सदस्य विवेकराम सोनकर, रजनी कैलाश साहू, अंशुल राघवेन्द्र यादव, अपर आयुक्त व्हीएन बाजपेयी, मनोज श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री नवीन लोनारे, जागेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र सिंह, चेतना चैधरी, सहायक यंत्री संदीप जायसवाल, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, फायर अधीक्षक कुसाग्र ठाकुर, कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे, उद्यान अधिकारी मनीष तड़षे सहित संभागीय और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।
घाटों पर श्रद्धालुओं को मिलेंगी जरूरी नागरिक सुविधाएं
छठ महापर्व के मद्देनजर गौरीघाट, तिलवाराघाट, हनुमानताल, अधारताल, मानेगांव, कालीघाट, महाराजपुर और गोकलपुर सहित 27 प्रमुख स्थलों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। इन स्थानों पर महिला व्रतधारियों के लिए चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, पीने के पानी के टैंकर और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की गई है। मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग कराई जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम, एम्बुलेंस, नावें और प्रशिक्षित बचाव दल तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं को सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के लिए लाउडस्पीकर से सतत प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। सभी निर्धारित पूजा स्थलों पर निगम कर्मियों की ड्यूटी लगाकर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सतत सफाई और अग्नि सुरक्षा के कड़े उपाय
धनतेरस एवं दीपावली के दिन तड़के 4 बजे से महापौर के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू होगा। इसमें स्वास्थ्य अमला और सफाई मित्र सड़कों, चौराहों, प्रमुख बाजारों तथा व्यावसायिक क्षेत्रों से कचरा हटाएंगे। पटाखों की दुकानों के पास आगजनी रोकने के लिए फायर ब्रिगेड गाड़ियां और पानी के टैंकर मुस्तैद रहेंगे। ऐतिहासिक तिलवारा पुराने पुल सहित विभिन्न प्रमुख सार्वजनिक स्थानों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे शहर में पर्व का उल्लास बना रहे।
