भोपाल। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना को गति देने के लिए प्रदेश सरकार ने जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया है। इसके तहत 6 नवंबर को धनतेरस के दिन प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद और विधायक अपने पैतृक या पसंद के गांव में पहुंचकर पात्र भू-स्वामियों की शत-प्रतिशत रजिस्ट्री अपनी मौजूदगी में कराएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टरों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर लक्ष्य पूरा कराने और रजिस्ट्री पूरी होने पर गांव में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजना को व्यापक अभियान के रूप में संचालित कर प्रदेश के सभी पात्र भू-स्वामियों के पट्टों की नि:शुल्क रजिस्ट्री जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लॉट और मकान के साथ उसके पक्के राजस्व दस्तावेज होना भी जरूरी है। रजिस्ट्री से भू-स्वामी को संपत्ति पर कानूनी मालिकाना हक मिलता है और वह उसका क्रय-विक्रय करने के साथ ऋण लेने के लिए भी पात्र हो जाता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे भू-स्वामियों के लिए मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना शुरू की गई है, जिनके पास प्लॉट या मकान का पट्टा तो है, लेकिन उसकी पक्की रजिस्ट्री नहीं है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को संपत्ति की पक्की रजिस्ट्री नि:शुल्क कराकर दी जाएगी। इसके लिए लगने वाली स्टांप शुल्क की राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संपत्ति भू-स्वामी के नाम पर ही रहेगी और रजिस्ट्री भी उसी के नाम होगी। इसके लिए हितग्राही को कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अगले वर्ष इसे युवा वर्ष से भी जोड़ा जाएगा।
15 नवंबर तक 20 लाख रजिस्ट्री का लक्ष्य
बैठक में बताया गया कि एक नवंबर 2026 तक प्रदेश में 12 लाख 87 हजार 252 रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं। सरकार का प्रयास है कि 15 नवंबर तक यह आंकड़ा बढ़ाकर 20 लाख तक पहुंचाया जाए।
बैठक में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, सचिव परिवहन एवं आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव चंद्रशेखर वालिम्बे, आयुक्त भू-अभिलेख निधि निवेदिता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
