पुलिस से प्राप्त सनसनीखेज जानकारी के अनुसार, कजरवारा पुरानी बस्ती निवासी 61 वर्षीय श्रीमती कम्मो बाई डांगे नगर निगम में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी बेटी की अचानक तबीयत खराब हो जाने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के सभी लोग बेटी की तीमारदारी में अस्पताल में ही मौजूद थे। कम्मो बाई गत 3 नवंबर की शाम करीब 6 बजे अपने घर में ताला लगाकर अस्पताल गई थीं। इसके अगले दिन यानी 4 नवंबर की सुबह लगभग 11 बजे जब वह वापस अपने घर लौटीं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के मुख्य द्वार (मेन गेट) का ताला टूटा हुआ देखकर कम्मो बाई के होश उड़ गए। घर के अंदर गई तो कमरों के दरवाजों के लॉक भी टूटे मिले। आलमारी देखी तो उसमें रखे सोने की कनछड़ी लगी झुमकी, टाप्स, दो मंगलसूत्र, एक लौंग, दो अंगूठी, एक बेंदी, एक नथनी, एक गुरिया वाली माला के साथ-साथ चांदी की करधन, एक जोड़ा पायल, खुसना, दो कड़े, दो चूडिय़ां, चार चेन, एक बाल चोटी और बक्से में रखे 11 हजार रुपये नकद गायब थे। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरु कर दी है।