जबलपुर। दीपावली पर्व पर मावा सहित विभिन्न सामग्रियों से निर्मित मिठाइयों की भारी खरीदारी चल रही है, जहां लाखों का कारोबार हो रहा है। हालांकि ग्राहकों को विक्रय किए जा रहे डिब्बों पर मिठाई की सुरक्षा अवधि यानी उपभोग करने की अंतिम तारीख की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। शहर के बड़े प्रतिष्ठानों में भी खुली ट्रे से डिब्बों में सीधे मिठाई भरकर बेची जा रही है। एफएसएसएआई के 7 नवंबर 2023 के निर्देश के अनुसार खुली मिठाइयों के कंटेनर पर बेस्ट बिफोर तारीख लिखना अनिवार्य नहीं रखा गया है, जबकि पूर्व से पैक खाद्य सामग्रियों पर लेबलिंग नियम लागू होते हैं। इस व्यवस्था के कारण लोग गुणवत्ता और ताजगी को लेकर भ्रम में हैं।
लापरवाही के आरोपों के बीच उठे सवाल
पूर्व में रक्षाबंधन पर्व के समय भी मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर 12 से अधिक शिकायतें प्रशासन के सामने आई थीं। उस समय विभागीय स्तर पर नियमों की जटिलताओं का हवाला देकर मामलों को पूरी गंभीरता से नहीं लेने के आरोप लगे थे। वर्तमान त्योहार के दौरान भी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं निर्माण व उपभोग की अवधि संबंधी शिकायतों पर उठ रहे सवालों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है।
प्रयोगशाला परीक्षण में असुरक्षित पाए गए नमूने
प्रशासनिक टीम द्वारा सितंबर में 147 तथा अक्टूबर में 27 तारीख तक कुल 54 नमूने संकलित किए गए। अब तक प्राप्त जांच परिणामों में से कुल 7 नमूने पूरी तरह फेल पाए गए हैं। इनमें 3 नमूने स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित तथा 4 नमूने तय मानकों से नीचे यानी अवमानक स्तर के निकले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी के अनुसार प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाती है और त्योहार पर भी सघन सैंपलिंग जारी रहेगी।
