जबलपुर। बरगी थानान्तर्गत सागर ढाबा के पास सिवनी की ओर से आ रही यात्री बस को रोककर पुलिस ने तस्कर दीपक बर्मन को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से पुलिस ने साढ़े तीन लाख रुपए का गांजा बरामद किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उक्त गांजा वह जबलपुर में किसे सप्लाई करने वाला था।
इस संबंध में बरगी पुलिस ने बताया कि मुखबिर से खबर मिली कि सिवनी से पवन ट्रेवल्स की बस में नाम दीपक पिता सरमन बर्मन, उम्र 23 वर्ष, निवासी प्रेमासागर झंडा चौक, हनुमानताल गांजा की खेप लेकर जबलपुर के लिए रवाना हुआ है। जिसपर पुलिस ने बरगी के सागर ढाबा के सामने चेकिंग लगा दी, जैसे ही पवन की बस पहुंची तो घेराबंदी कर दीपक को पकड़ लिया, जिसके पास रखे बैग व प्लास्टिक की पन्नी को खोला गया तो उसमें भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने दीपक को हिरासत में लेकर उक्त गांजा बरामद कर प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि अब दीपक से पूछताछ की जा रही है कि उक्त गांजा वह कहां से लेकर आ रहा है और जबलपुर में किसे सप्लाई करने वाला था। गांजा तस्कर को पकडऩे में थाना प्रभारी बरगी श्री नीलेश दोहरे के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक उप निरीक्षक सोमनाथ अहिरवार, प्रधान आरक्षक होमन लाल, आरक्षक राजेश मेहरा और सुधीर कुमार सिंह ने अहम भूमिका निभाई। वहीं, अपराध थाना प्रभारी श्री शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डे, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला, आरक्षक राजेश मिश्रा, राजेश माथरे और रंजीत यादव की अहम भूमिका रही।