जबलपुर। सड़क दुर्घटना में अकाल मौत का शिकार बने एक गरीब परिवार को न्यायालय के स्पष्ट फैसले के बावजूद क्षतिपूर्ति न देना जिला प्रशासन की साख पर भारी पड़ गया। 7 अक्टूबर 2019 की रात लगभग 8:15 बजे खंदिया मेन रोड पर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय की बेकाबू बोलेरो ने रोजमर्रा का सामान लेकर घर लौट रहे बैरागी गांव के निवासी नवाब खान को रौंद दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं। पुलिस विवेचना में चालक टीकाराम ठाकुर की लापरवाही और सरकारी गाड़ी का बीमा न होना प्रमाणित हुआ। इसके बाद मृतक की बेसहारा पत्नी नूरजहां, पुत्र शब्बीर और पुत्री मुस्कान ने कानूनी संघर्ष का रास्ता चुना। 30वें अपर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 25 फरवरी 2025 को आश्रितों के पक्ष में निर्णय सुनाते हुए 12.93 लाख रुपए मुआवजा राशि तथा दावा प्रस्तुति दिनांक से 7% सालाना साधारण ब्याज अदा करने का हुक्म दिया था। मध्य प्रदेश शासन और वाहन चालक दोनों पर संयुक्त देनदारी होने के बाद भी जब तय समय में राशि नहीं मिली, तो पीड़ित पक्ष ने निष्पादन प्रकरण क्रमांक 434/2025 दाखिल किया। ब्याज की गणना उपरांत देय रकम 18,03,262 रुपए तक पहुंच गई। आदेश की नाफरमानी पर अदालत ने कलेक्ट्रेट की चल-अचल संपत्ति कुर्क करने का वारंट थमा दिया। बुधवार को अधिवक्ता सीपी सिंह, प्रमोद विश्वकर्मा और आत्माराम लखेरा जिला नाजिर के अमले के साथ वारंट लेकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे, जिससे पूरे प्रशासनिक महकमे में अफरातफरी मच गई।
कानूनी प्रक्रिया से सहमा जिले का शीर्ष अमला
अदालती आदेश का पालन कराने पहुंचे वकीलों के सख्त रुख ने परिसर का माहौल पूरी तरह बदल दिया। कलेक्ट्रेट के कमरों में अचानक उपजे इस अभूतपूर्व संकट से हड़कंप की स्थिति बन गई। अदालती अमला सीधे सरकारी संपत्ति को सील करने की तैयारी में जुटा था, जिसे देखकर कई विभागों के कर्मचारी अपने दफ्तरों से बाहर निकल आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और एडीएम स्तर के आला अफसरों ने तुरंत मोर्चा संभाला। कानून के जानकारों ने अधिकारियों को दोटूक समझाया कि जब तक पीड़ित पक्ष को उसकी वाजिब रकम का ठोस प्रबंध नहीं मिलता, तब तक नियमानुसार जब्ती की कानूनी कार्रवाई रोकी नहीं जा सकती। अचानक आन पड़ी इस आफत ने सरकारी सिस्टम को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया।
सालों की लेटलतीफी बनी अफसरों का परेशानी
यह पूरा मामला प्रशासनिक सुस्ती और फाइलों की धूल फांकती प्रक्रियाओं का जीवंत उदाहरण बन गया। सड़क पर अपनी जान गंवाने वाले व्यक्ति के आश्रित सालों तक एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर की चौखट नापते रहे, मगर शासन स्तर पर बजट आवंटन की फाइलें कछुआ चाल से ही आगे बढ़ती रहीं। मोटर दावा अधिकरण द्वारा स्पष्ट आदेश जारी किए जाने के बाद भी राहत राशि का समय पर न मिलना प्रशासनिक असंवेदनशीलता का प्रत्यक्ष प्रमाण बन गया। जब सरकारी खजाने से पीड़ित के खाते में एक धेला भी नहीं पहुंचा, तब न्यायालय ने कानूनी डंडा चलाते हुए कलेक्ट्रेट की कुर्सी-मेजों को जब्त करने का कड़ा कदम उठाया।
दस दिनी मोहलत पर टला बड़ा संकट
परिसर में घंटों मचे घमासान और कानूनी दांव-पेंच के बाद स्वयं जिला कलेक्टर ने अधिवक्ताओं के दल के साथ आपात बैठक की। प्रशासनिक प्रतिष्ठा पर बनते खतरे को भांपते हुए कलेक्टर ने 10 दिन के भीतर 18 लाख से अधिक की पूरी बकाया राशि के त्वरित भुगतान का भरोसा दिलाया। हालांकि पीड़ित पक्ष के वकीलों ने साफ लफ्जों में चेताया कि अब केवल मौखिक बातों पर भरोसा नहीं किया जाएगा, बल्कि शासन की ओर से एक लिखित समय-सीमा का दस्तावेज उपलब्ध कराया जाए। अफसरों द्वारा त्वरित भुगतान की औपचारिक फाइल आगे बढ़ाने के बाद ही कुर्की दल रुका, मगर अब तय समय में पाई-पाई चुकाना प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती है।
