नरसिंहपुर। नरसिंहपुर के ग्राम समनापुर डांगीढाना स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में आज उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब मध्याह्न भोजन खाने के बाद 45 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को खीर-पूरी परोसी गई थी। आरोप है कि एकता स्वसहायता समूह ने गांव के एक कार्यक्रम से लाए गए 2 दिन पुराने गूंथे आटे से पूरियां बनाई थीं। भोजन करने के कुछ ही देर बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। सभी 45 बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया है कि स्कूल में आज दोपहर डेढ़ बजे के लगभग बच्चों ने भोजन करना शुरू किया। पूरियों का स्वाद अजीब लगने पर बच्चों ने प्रधान पाठक गणेशदत्त बादल को बताया। प्रधान पाठक ने खुद पूरियां चखीं तो उनमें खटास और हीक महसूस हुई। इसके कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। प्रधान पाठक ने समूह के सदस्यों से इस बारे में आपत्ति जताई, लेकिन उन्होंने गलती मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रधान पाठक ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। उपलब्ध साधनों और एंबुलेंस की मदद से बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर रजनी सिंह और एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चों के उपचार की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं। एहतियात के तौर पर प्राथमिक शाला के 8 और माध्यमिक शाला के 37 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
एकता स्वसहायता समूह को हटाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने भोजन बनाने वाले एकता स्वसहायता समूह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उन्होंने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Narsinghpur