जबलपुर। रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के खिलाफ जबलपुर रेल मंडल ने कार्रवाई तेज कर दी है। चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने के 2,295 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 4 लाख 83 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला।
अक्टूबर माह में ही स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर 27 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनसे 27 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
स्वच्छ भारत मिशन और रेलवे की स्वच्छता नीति के तहत मंडल प्रशासन द्वारा स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और रेल परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए उद्घोषणाओं और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से संदेश भी दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर और ट्रेनों में कचरा न फैलाएं तथा कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें। मंडल प्रशासन के अनुसार, स्वच्छ रेल परिसर बनाए रखने के लिए जागरूकता अभियान और जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
