khabar abhi tak

जबलपुर में इलेक्ट्रिक व्हीकल डीलरशिप के नाम पर 1 करोड़ की ठगी, कंपनी के डायरेक्टर संजय डालमिया सहित अन्य पर प्रकरण दर्ज

जबलपुर। जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी और महाठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डालमिया ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर गाडिय़ों की पूरे मध्य प्रदेश में डिस्ट्रीब्यूटरशिप देने का लालच देकर नेपियर टाउन निवासी व्यापारी से 1 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली गई। ओमती पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर कंपनी के डायरेक्टर संजय डालमिया और उनके गिरोह के खिलाफ धारा धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। 

                       पुलिस के अनुसार, देशबंधु कॉम्प्लेक्स निवासी अफजल खान उम्र 37 वर्ष पूर्व में बून इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान चलाते थे। नवंबर 2022 में डालमिया ग्रुप के एमपी सेल्स हेड राकेश पांडेय ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने दावा किया कि कंपनी पूरे मध्य प्रदेश में नई इलेक्ट्रिक गाडिय़ों का नेटवर्क फैला रही है और 1 करोड़ रुपये जमा करने पर उन्हें प्रदेश भर का मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर बनाया जाएगा। राकेश पांडेय की बातों में आकर अफजल खान दिल्ली पहुंचे, जहां कंपनी के मालिक संजय डालमिया, सीईओ विकास आनंद, मनू मनोत्रा और नेशनल सेल्स हेड आलोक श्रीवास्तव ने उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि शोरूम का सारा खर्चा, कर्मचारियों की सैलरी, बिजली-पानी का बिल और गोदाम का किराया कंपनी उठाएगी। झांसे में आकर पीडि़त ने 6 मार्च 2023 से 17 अक्टूबर 2023 के बीच बैंक ट्रांसफर के माध्यम से किश्तों में कुल 1 करोड़ 5 लाख रुपये जमा कर दिए। ठगी का अहसास होने पर अफजल खान ने ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में संजय डालमिया, राकेश पांडेय, सीईओ विकास आनंद सहित अन्य सहयोगियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस की टीम अब दिल्ली और अन्य ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak