khabar abhi tak

भारतीय महिला हॉकी टीम की सहायक कोच रैना यादव को WCR GM ने सम्मानित किया

एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर में पदस्थ कार्यालय अधीक्षक एवं भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम की सहायक कोच तथा टीम मैनेजर सुश्री रैना यादव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला हॉकी टीम की उल्लेखनीय उपलब्धियों में योगदान के लिए आज पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने सम्मानित किया।

पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत सुश्री रैना यादव ने भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम के साथ सहायक कोच एवं टीम मैनेजर के रूप में कार्य करते हुए विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उनके अंतरराष्ट्रीय खेल अनुभव में वर्ष 2026 के एशियन गेम्स, जापान में भारतीय महिला हॉकी टीम द्वारा स्वर्ण पदक जीतना प्रमुख उपलब्धि है। यह उपलब्धि 44 वर्षों के बाद एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम का पहला स्वर्ण पदक है। इसके अतिरिक्त, न्यूजीलैंड में आयोजित FIH नेशंस कप-2026 में भी भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। नीदरलैंड में आयोजित FIH महिला हॉकी विश्व कप-2026 में भारतीय टीम पांचवें स्थान पर रही, जो 52 वर्षों के बाद टीम का सर्वश्रेष्ठ विश्व कप प्रदर्शन है।

सुश्री यादव ने मई 2026 में ऑस्ट्रेलिया तथा जुलाई 2026 में जर्मनी के दौरों के दौरान भी भारतीय टीम के साथ कार्य किया। इससे पूर्व, वर्ष 2019 में भुवनेश्वर में आयोजित टोक्यो ओलंपिक क्वालीफायर में भी वह भारतीय टीम से जुड़ी रहीं, जिसमें टीम ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था।

कोचिंग के क्षेत्र में सुश्री रैना यादव ने नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (NSNIS), पटियाला से स्पोर्ट्स कोचिंग में डिप्लोमा (ग्रेड-A) प्राप्त किया है। इसके साथ ही उनके पास अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) का लेवल-3 कोचिंग प्रमाणपत्र तथा हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित कोचिंग पाठ्यक्रमों की योग्यता भी है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। मध्य प्रदेश महिला हॉकी टीम के साथ कोच एवं टीम स्टाफ के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने वर्ष 2022 के राष्ट्रीय खेलों में कांस्य पदक, वर्ष 2023 के राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक तथा वर्ष 2022 की जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीमों से जुड़कर योगदान दिया।  इस अवसर पर वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नीरज कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री अरविंद कुमार रजक, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी एवं पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ के अध्यक्ष श्री मनोज गुरुमुखी, सचिव महाप्रबंधक श्री जे.पी. सिंह तथा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मधुर वर्मा उपस्थित रहकर बधाई दी।

पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक द्वारा सुश्री रैना यादव का सम्मान भारतीय रेल में कार्यरत कर्मचारियों की खेल प्रतिभा, समर्पण एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उनकी उपलब्धियाँ अन्य रेलकर्मियों को भी खेल एवं कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak