जबलपुर। कोलकाता स्थित आयुध निदेशालय कार्यालय में आयोजित संयुक्त परामर्शदात्री समिति 3 की बैठक में रक्षा कर्मियों के प्रमोशन, वेतनमान, पेंशन तथा कल्याण से जुड़ी समस्याओं को उठाया गया। इस मंथन में भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ, एआईडीईएफ, आईएनडीडब्ल्यूएफ, एआईएनजीओ और सिड्रा के प्रतिनिधि शामिल हुए। चर्चा में स्टाफसाइड सचिव साधु सिंह, सी श्री कुमार, जनार्दन रेड्डी, वीरेंद्र कुमार, हर्षल भाऊ सहित ओएफके के अजय यादव व अमित कुमार चौबे ने भागीदारी निभाई। बैठक के दौरान कई विषयों पर सहमति बनी और सकारात्मक निर्देश जारी किए गए। सुरक्षा कर्मचारी यूनियन ओएफके के महामंत्री आनंद शर्मा ने महानिदेशक को पत्र लिखकर लेबर के रिक्त पदों को डीबीडब्ल्यू में मर्ज करने का मामला भी प्रमुखता से रखा।
पेंशन एनपीएस जीपीएफ और अवकाश नकदीकरण पर फोकस
बैठक में कैंटीन कार्ड की मान्यता 10 साल तय करने तथा एनपीएस से ओपीएस में आए कर्मचारियों को तत्काल जीपीएफ नंबर जारी करने की बात कही गई। सेवानिवृत्त कर्मियों के अर्जित अवकाश भुगतान को बिना देरी निपटाने और वेतन वृद्धि संबंधी अड़चनों को दूर करने पर भी जोर दिया गया। लेबर पदों के विलय के अलावा कल्पित वरिष्ठता क्रम निर्धारण, सीएमडी सिलेक्शन ग्रेड से उच्च पद, सेवारत कर्मी की मृत्यु पर परिजनों को भुगतान, पदोन्नति विसंगतियां और खेल उपलब्धियों पर विशेष वेतन वृद्धि देने के विषय भी उठाए गए।
