khabar abhi tak

उजड़ते जंगलों की रक्षा के लिए सांसद तन्खा से गुहार



जबलपुर। मध्य प्रदेश में जंगलों के गैर वानिकी उपयोग और 14.21 लाख एकड़ वनभूमि पर अवैध कब्जे के गंभीर संकट को लेकर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा को ज्ञापन सौंपा। मंच के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. पीजी नाजपांडे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा से पर्यावरण संरक्षण के लिए तत्काल दखल देने की मांग की। इस दौरान अधिवक्ता वेदप्रकाश अधौलिया, सुभाष चन्द्रा, अशोक यादव और विवेक दुबे प्रमुख रूप से मौजूद रहे। मंच ने सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा के कोसमी गांव में वनभूमि खाली कराने के बाद उपजे राजनीतिक विवाद पर गहरी आपत्ति जताई। मंच के पदाधिकारियों ने दोटूक कहा कि वन्यजीवों और जंगलों के संरक्षण को सियासी टकराव का अखाड़ा बनाना प्रदेश के प्राकृतिक संतुलन के लिए बेहद घातक है।

​बुधनी के कोसमी में सियासी दखल पर चर्चा

​प्रतिनिधिमंडल ने विस्तृत चर्चा में बताया कि पूरे देश में वन क्षेत्र को अन्य गतिविधियों में बदलने के मामले में मध्य प्रदेश का शीर्ष पर रहना पर्यावरण के लिए बड़ा झटका है। विकास और अन्य निर्माण कार्यों की आड़ में हरियाली का तेजी से दायरा घट रहा है। दूसरी ओर लाखों एकड़ रकबे पर भू-माफिया और अनधिकृत कब्जाधारियों ने पैर पसार रखे हैं। कोसमी में प्रशासन की बेदखली कार्रवाई के बाद राजनीतिक दलों द्वारा जिस तरह का माहौल तैयार किया जा रहा है, उससे कानून व्यवस्था और वन विभाग का मनोबल कमजोर पड़ता है। जंगलों के उजड़ने से जैव विविधता और वन्यजीवों के प्राकृतिक पर्यावास समाप्त हो रहे हैं, जिससे मानव और वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है।

​राज्य सरकार को पत्र लिखकर उठाएंगे कदम

​नागरिकों की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए राज्यसभा सांसद ने माना कि प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा सर्वोपरि प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह शुरू से जंगलों और बेजुबान जीवों के हक में आवाज उठाते रहे हैं। इस संकट के स्थाई समाधान, निष्पक्ष जांच और ठोस नीतिगत निर्णयों के लिए वे जल्द मध्य प्रदेश शासन को विस्तृत पत्र प्रेषित करेंगे। उनका कहना था कि पर्यावरण हित में नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि हरित पट्टी को सुरक्षित रखा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak