जबलपुर। बरगी तहसील अंतर्गत ग्राम रैपुरा के महुआ टोला में 50 वर्षों से काबिज करीब 150 ग्रामीणों पर विस्थापन का संकट मंडराने लगा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित मकानों को खाली कराने के आदेश जारी होने के बाद स्थानीय स्तर पर तीव्र रोष फैल गया है। इस प्रशासनिक फरमान के विरुद्ध भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने प्रभावित परिवारों के पक्ष में मोर्चा संभाल लिया है। संगठन ने तहसील कार्यालय जबलपुर पहुंचकर सक्षम अधिकारियों को एक ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें संबंधित खसरा नंबरों के समुचित सीमांकन तथा निष्कासन की कार्रवाई को तुरंत निरस्त करने की पुरजोर मांग उठाई गई। सात दिनों की निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायोचित समाधान न निकलने की स्थिति में उग्र जन आंदोलन और धरने की सीधी चेतावनी दी गई है।
चार दशक पुराने पट्टों पर उठा नया विवाद
स्थानीय रहवासियों का स्पष्ट कहना है कि करीब 40 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत और तत्कालीन नायब तहसीलदार द्वारा उन्हें विधिवत आवासीय पट्टे स्वीकृत किए गए थे। वर्तमान में इस क्षेत्र के भीतर लगभग 35 से 40 पक्के मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित हैं, जिनमें लोग शांतिपूर्वक गुजर-बसर कर रहे हैं। ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि रामशरण चौकसे के पुत्र मुकेश कुमार और विपिन कुमार द्वारा कपटपूर्ण तरीके से शासकीय जमीन पर अधिकार जताने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। इसी आधारहीन विवाद के कारण वर्षों से सुरक्षित महसूस कर रहे निर्धन हितग्राहियों को अपने ही घरों से बेदखल करने के नोटिस थमाए जा रहे हैं।
निष्पक्ष सीमांकन कराकर आदेश वापस लेने की मांग
संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अनुविभागीय अधिकारी जबलपुर की ओर से जारी किए गए निष्कासन आदेश को तत्काल प्रभाव से शून्य घोषित किया जाना अनिवार्य है। प्रशासन पहले मौके पर जाकर संबंधित सरकारी जमीन का पारदर्शी सीमांकन करे, ताकि वास्तविक स्थिति जनता के समक्ष आ सके और सरकारी भूमि अवैध अतिक्रमण से मुक्त रहे। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष संजू लाल झरिया, विधिक सलाहकार भूरेलाल झरिया, जिला उपाध्यक्ष मदन चौधरी, कमलेश चौधरी, सोनू चौधरी, दिनेश यादव, आरती चौधरी, सुलोचना चौधरी, रश्मि चौधरी और विद्या बाई यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।
