khabar abhi tak

बिजली कम्पनी का एक्शन: बिना मंजूरी ट्रांसफॉर्मर हटाने पर इंजीनियर नपे, ठेकेदार फंसा



जबलपुर। नरसिंहपुर जिले के करेली में 200 केवीए क्षमता वाले वितरण ट्रांसफॉर्मर को बिना प्रशासनिक अनुमति खिसकाने के मामले में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कड़ा एक्शन लिया है। इस गंभीर लापरवाही पर करेली शहर वितरण केंद्र के प्रभारी कनिष्ठ अभियंता गोविंद नरवरिया को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 138 के तहत संबंधित ठेकेदार के खिलाफ करेली थाने में नामजद एफआईआर दर्ज करवाई गई है। अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता ए.के. दुबे ने क्रेन से हो रहे काम को बंद कराकर सारे औजार जब्त किए। यह कठोर कदम नरसिंहपुर कार्यपालन अभियंता की रिपोर्ट और ठोस साक्ष्यों के आधार पर प्रबंधन ने उठाया।

​बिना मंजूरी क्रेन लगाकर शुरू कर दिया काम

​पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 28 अक्टूबर को दिए गए एक सादे शिकायती प्रार्थना पत्र से हुई थी। तकनीकी नियमावली के तहत शिफ्टिंग से जुड़ा कोई भी औपचारिक प्राक्कलन बनाकर सक्षम स्तर से मंजूर नहीं कराया गया। इस अनिवार्य प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए स्थानीय ठेकेदार ने 30 अक्टूबर की दोपहर क्रेन बुलवाकर भारी भरकम ट्रांसफॉर्मर को उसके मूल स्थान से उखाड़ना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही सतर्क हुई तकनीकी टीम ने मौके पर धावा बोलकर काम को बीच में ही रुकवा दिया, जिससे बिजली उपकरण सुरक्षित बच गया।

​मनमानी पर अब विभाग दिखाएगा सख्ती

​विद्युत प्रबंधन ने पूरे अंचल में साफ कर दिया है कि ग्रिड और ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी किसी भी गतिविधि में तय सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य रहेगा। तय नियमों का उल्लंघन करने वाले विभागीय कर्मियों अथवा बाहरी संविदाकारों को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak