khabar abhi tak

आठवें वेतन आयोग में गूंजेगी रेलवे तकनीशियनों की आवाज, जबलपुर के रोमेश मिश्रा रखेंगे पक्ष

एआईआरएफ के 18 प्रतिनिधियों को विशेष आकस्मिक अवकाश

यात्रा पास की दी मंजूरी, 30 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगी बैठक

जबलपुर। आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के साथ प्रस्तावित चर्चा में रेलवे कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है। ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के प्रतिनिधिमंडल में जबलपुर से वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (डब्ल्यूसीआरईयू) के मंडल सचिव रोमेश मिश्रा भी शामिल होंगे। वे बैठक में देशभर के रेलवे तकनीशियनों की समस्याओं, वेतन संबंधी मांगों और कैडर से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।

रेलवे बोर्ड ने बैठक में शामिल होने वाले विभिन्न जोनल रेलवे के 18 प्रतिनिधियों को 28 से 30 अक्टूबर 2026 तक विशेष आकस्मिक अवकाश और यात्रा पास देने की मंजूरी दी है। बोर्ड की ओर से 26 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, 28 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित एआईआरएफ कार्यालय में प्रतिनिधियों की आंतरिक बैठक होगी, जबकि 30 अक्टूबर को आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के साथ चर्चा की जाएगी।

एआईआरएफ के महासचिव कामरेड शिवगोपाल मिश्रा ने प्रतिनिधियों के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश और यात्रा पास उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। रेलवे बोर्ड ने इसे विशेष मामला मानते हुए स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में संबंधित जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों (कार्मिक) को निर्देश जारी किए गए हैं। प्रतिनिधियों की सूची भी आदेश के साथ संलग्न की गई है।

तकनीशियन साथियों से मांगें साझा करने की अपील

डब्ल्यूसीआरईयू के मंडल सचिव कामरेड रोमेश मिश्रा ने इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और एसएंडटी विभागों के तकनीशियनों से अपनी समस्याएं और मांगें सामने रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ओपन लाइन, वर्कशॉप और प्रोडक्शन यूनिट में कार्यरत कर्मचारी आठवें वेतन आयोग से जुड़ी कैडर संबंधी मांगों, कार्यस्थल की परेशानियों और सेवा संबंधी मुद्दों को साझा करें।

उन्होंने तकनीशियनों से इस अवसर का लाभ उठाने और अपनी मांगों को समय रहते यूनियन तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि उन्हें वेतन आयोग के समक्ष मजबूती से रखा जा सके। इस पहल का उद्देश्य रेलवे तकनीशियनों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके हितों की प्रभावी पैरवी करना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak