जबलपुर। बेहतर आचरण की वजह से गांधी जयंती पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस केन्द्रीय कारागार से शुक्रवार को पांच बंदियों को रिहा किया गया है। ये बंदी आजीवन कारावास पर जेल में निरूद्ध थे। बंदियों की सजामाफी के उपरांत इन्हें आजाद किया गया है। इन बंदियों में जबलपुर, बालाघाट, सिवनी और कटनी के बंदी शमिल हैं।
केन्द्रीय कारागार के जेलर मदन कमलेश ने बताया कि जेल से रिहा होने वाले बंदियो में जबलपुर के संदीप वंशकार, सिवनी के शोभाराम उर्फ जमादार, बालाघाट के शेवेन्द्र और गणेश एवं कटनी के निरंजन सिंह रहे। जेल से होने वाली बंदियों की रिहाई के बारे में जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर का कहना था कि पहले वर्ष भर में मात्र तीन मौके थे लेकिन सरकार ने इसे बढ़ाकर पांच बार कर दिया है। इससे बेहतर आचरण वाले बंदी जल्द जेल से मुक्त हो रहे हैं।
