जबलपुर। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने रांझी स्थित एक प्रसिद्ध मिष्ठान प्रतिष्ठान पर औचक दबिश देकर अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे दो घरेलू गैस सिलेंडर और भट्टी जब्त की है। दुकान संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार किया गया है, जिसे आगामी कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार रांझी मुख्य बाजार स्थित न्यू बप्पा स्वीट्स नामक प्रतिष्ठान में लंबे समय से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का धड़ल्ले से इस्तेमाल किए जाने की गुप्त सूचना मिल रही थी। नियमों के अनुसार किसी भी होटल, रेस्टोरेंट या मिठाई की दुकान में केवल कमर्शियल नीले सिलेंडरों का ही इस्तेमाल किया जा सकता है। घरेलू सिलेंडरों का वहां उपयोग करना गैरकानूनी और सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जोखिम भरा है। सूचना की पुष्टि होते ही कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कुंजन सिंह के नेतृत्व में विभागीय अमले ने दुकान पर अचानक छापा मारा।
मौके पर बनती मिलीं खाद्य सामग्रियां, कलेक्टर कोर्ट में पेश होगा मामला
जांच दल जब दुकान के पिछले हिस्से और कारखाने में पहुंचा तो वहां घरेलू गैस सिलेंडरों की मदद से बड़ी भट्टी जलाकर मिठाइयां और नमकीन तैयार किए जा रहे थे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों और संचालक से व्यावसायिक कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने पंचनामा तैयार करते हुए मौके से दो घरेलू गैस सिलेंडर और एक व्यावसायिक भट्टी को विधिवत जब्त कर लिया।
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस पर शासन द्वारा आम उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी दी जाती है, जिसका व्यवसाय में उपयोग करना सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है। प्रतिष्ठान के विरुद्ध गैस नियंत्रण आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्ती की पूरी रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर न्यायालय को भेजी जा रही है, जहां से संचालक पर नियमानुसार अर्थदंड और अन्य दंडात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।
