नरसिंहपुर. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को नरसिंहपुर में सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि 540 करोड़ लागत से गोटेगांव-नरसिंहपुर-पिपरिया मार्ग का उन्नयन किया जाएगा। नरसिंहपुर में एकांत वन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
खेरी नाका से रेलवे स्टेशन तक प्रमुख मार्ग बनाए जाएंगे। नरसिंहपुर में भव्य गीता भवन बनाए जाएंगे। नर्मदा मैया के बरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर प्रदेश के सभी विकासखंडों में पशुपालकों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। दूसरे स्थान के लिए 50 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वालों को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। मध्यप्रदेश सरकार ने दूध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का बड़ा लक्ष्य तय किया है।
एमपी में एक लाख नई नौकरियों का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में अब तक 85 हजार नियुक्तियां दी गई हैं। एक लाख कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। सरकार अब एक लाख और नौकरियां देने की दिशा में काम कर रही है। शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बस सेवा, आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और खेल मैदान जैसी सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल से तुलना करते हुए स्कूल छोडऩे वाले विद्यार्थियों की दर में भारी कमी आने का दावा किया। इसके अलावा जल संरक्षण के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के कार्यों का जिक्र किया।
संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के प्रमाण चाहिए
राजनीतिक मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाने के लिए प्रमाण सामने रखे जाने चाहिए।
लोकतंत्र में विरोध और असहमति का सभी को अधिकार
सीएम ने कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक दलों को संवैधानिक प्रक्रियाओं का सम्मान करना चाहिए।
