दमोह. एमपी के दमोह रेलवे स्टेशन पर कामायनी एक्सप्रेस से पानी लेने उतरे एक यात्री के दोनों पैर कट गए। यात्री का हाथ फिसलने से वह ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया था। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे प्लेटफार्म नंबर 2 पर हुई। घायल यात्री की पहचान उत्तर प्रदेश के सुरवैया निवासी 48 वर्षीय संजय कुमार मिश्रा के तौर पर हुई है।
आरपीएफ तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें ट्रेन के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल ले गई। संजय मिश्रा की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पानी की बोतल लेने उतरा था
आरपीएफ चौकी इंचार्ज अनिल यादव ने बताया कि संजय लोकमान्य टर्मिनल से अपने गांव जा रहे थे। ट्रेन जब प्लेटफार्म नंबर 2 पर रुकी, तो वे पानी की बोतल लेने उतरे। ट्रेन चलने लगी और चढ़ते समय उनका हाथ फिसल गया, जिससे वे ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच आ गए, जिससे उनके दोनों पैर कट गए। घटना की जानकारी घायल के परिजनों को दे दी गई है।
