khabar abhi tak

चार दशकों की नौकरी के बाद खुला फर्जीवाड़े का राज, कार्यपालन यंत्री पर होगी एफआईआर


जबलपुर
। जिले में रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना के कार्यपालन यंत्री अजय कुमार सूरे के खिलाफ फर्जी जाति दस्तावेज से सरकारी पद हासिल करने पर प्रशासन ने प्राथमिकी दर्ज कराने और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। तत्कालीन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार यह सख्त कदम उठाया गया है। जांच में सामने आया कि शास्त्री नगर त्रिपुरी वार्ड निवासी स्वर्गीय गंगाराम सूरे के पुत्र अजय कुमार सूरे ने मन्नेवार अनुसूचित जनजाति के जाली प्रमाण पत्र पर नियुक्ति पाई थी। राज्य स्तरीय अनुसूचित जनजाति छानबीन समिति भोपाल ने विस्तृत पड़ताल के बाद दस्तावेजों को अमान्य ठहराया। जनजाति कार्य विभाग के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में 17 मार्च 2026 को हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।

​जांच कमेटी ने दोनों पुराने जाति दस्तावेज अवैध ठहराए

​उच्च स्तरीय छानबीन समिति की जांच में पाया गया कि आरोपी अधिकारी ने सेवा में बने रहने के लिए दो अलग-अलग वर्षों के दस्तावेज पेश किए थे। इनमें पहला प्रमाण पत्र कार्यालय जिलाध्यक्ष आदिम जाति कल्याण जबलपुर द्वारा 1 जनवरी 1983 को जारी किया गया था। दूसरा दस्तावेज कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तहसील जबलपुर द्वारा 18 अगस्त 2023 को जारी मन्नेवार अनुसूचित जनजाति का था। समिति ने गहन समीक्षा के बाद इन दोनों कागजों को पूरी तरह अवैध घोषित कर निरस्त कर दिया। नियमों के तहत गलत दस्तावेज लगाने वाले लोक सेवक पर सीधे आपराधिक मुकदमा चलता है।

​चार बड़े विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु पत्र भेजा

​कलेक्टर कार्यालय के जनजातीय कार्य विभाग ने इस निर्णय पर तत्काल अमल करने के लिए चारों संबंधित प्रशासनिक विभागों को आधिकारिक पत्र भेजा है। इसमें प्रमुख अभियंता जल संसाधन विभाग भोपाल, पुलिस अधीक्षक जबलपुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोरखपुर और मुख्य अभियंता बरगी हिल्स जबलपुर को निर्देश दिए गए हैं। पत्र में साफ कहा गया है कि संबंधित आरोपी लोक सेवक पर अविलंब प्राथमिकी दर्ज की जाए। साथ ही की गई संपूर्ण वैधानिक कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तुरंत जिला प्रशासन को भेजने के कड़े आदेश दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak