
हैदराबाद से बनारस जा रही बस में 35 से ज्यादा यात्री थे सवार, दो को मामूली चोटें
मैहर। मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हैदराबाद से बनारस जा रही यात्रियों से भरी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
हादसा सुबह करीब 7:30 बजे घुनवारा के पास गोरइया कला स्थित पूजा पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। बस क्रमांक एमपी-44 जेडजी 7484 में 35 से अधिक यात्री सवार थे। बताया गया कि सामने अचानक बड़ा वाहन आने पर चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे बस फिसलकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। अमदरा थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। खेरवासानी टोल की 1033 एंबुलेंस पेट्रोलिंग टीम के अजीत झा और पंकज चौधरी ने मौके पर पहुंचकर घायल दो यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया।
बस कंडक्टर रातीफ खान (39), निवासी जैसलमेर, राजस्थान ने बताया कि सामने अचानक बड़ा वाहन आने के कारण चालक को ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे बस फिसलकर पलट गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।