khabar abhi tak

प्रमुख मार्गों पर जाम में फंसे रहे वाहन, व्यवस्था की खुली पोल



जबलपुर।  शारदीय नवरात्र के दौरान प्रमुख दुर्गा पंडालों, आकर्षक झांकियों और बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ के कारण नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शाम ढलते ही बड़ा फुहारा, गोरखपुर बाजार, सदर बाजार, गढ़ा बाजार, रांझी बाजार, गढ़ा फाटक, पड़ाव, सराफा बाजार, गोहलपुर, आधारताल, स्नेह नगर, लेबर चौक, रसाल चौक और शास्त्री ब्रिज जैसे प्रमुख इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़कों पर दोपहिया और चार पहिया वाहन घंटों फंसे रहे, जिससे आम नागरिकों, श्रद्धालुओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। त्योहार पर पहले से अनुमान होने के बाद भी संवेदनशील चौराहों से यातायात पुलिसकर्मी नदारद दिखे, जिसके चलते जाम में एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हुईं और लोगों का उत्सव का उत्साह परेशानी में बदल गया।

​चौराहों पर नहीं दिखा पर्याप्त पुलिस बल

​त्योहार के दौरान सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव बनने से व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई। चौराहों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी न दिखने से वाहन चालक आगे निकलने की होड़ में इधर-उधर वाहन फंसाते रहे। इससे सड़क पर चलने की जगह घट गई और स्थिति विकट हो गई। जब पर्व की तिथियां पहले से तय थीं, तब समय रहते संवेदनशील बिंदुओं का निरीक्षण कर अतिरिक्त बल की तैनाती क्यों नहीं की गई, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

​पैदल चलने वाले और खरीदार भी रहे परेशान

​वाहनों के अनियंत्रित जमावड़े का सीधा असर झांकी दर्शन करने निकले पैदल परिवारों और स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों पर पड़ा। तंग गलियों और मुख्य मार्गों पर तिल धरने की जगह न बचने से लोगों का घंटों समय बर्बाद हुआ। जाम केवल आवागमन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे आपातकालीन स्थिति में मरीज और जरूरी सेवाएं ले जाने वाले वाहनों का निकलना भी बेहद जोखिम भरा साबित हुआ।

​रूट डायवर्जन और व्यवस्थित पार्किंग की सख्त दरकार

​आगामी दिनों में भीड़ के भारी दबाव को देखते हुए प्रशासन को अब केवल जाम खुलवाने की जगह स्थाई व्यवस्था बनानी होगी। प्रमुख पूजा स्थलों के निकट अधिकृत वाहन पार्किंग तय करना, नो-पार्किंग नियमों का कड़ाई से पालन कराना और व्यस्ततम मार्गों के लिए वैकल्पिक रूट डायवर्जन की पूर्व सूचना आम जनता को देना जरूरी है। सुदृढ़ और पूर्व नियोजित कार्ययोजना लागू होने पर ही आस्था के इस महापर्व में नागरिकों को राहत मिल सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak