जबलपुर/कटनी। कटनी में दूध डेयरी कारोबारी किशोर तोमर पर हमला कर लूट करने वाले फरार आरोपी लल्ला पंडित को पुलिस ने जबलपुर के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद कटनी ले जाकर उसका जुलूस निकाला गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन व घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसर सुख्खन चौक निवासी 57 वर्षीय दूध डेयरी संचालक किशोर तोमर (कांचकार) दो दिन पहले 26 अक्टूबर को किसी काम से जा रहे थे। जब वे जालपा मढिय़ा के पास एक संकरी गली से गुजर रहे थे, इस दौरान पहले से छिपे बैठे हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित ने किशोर पर ईंट-पत्थरों व लोहे की चैन से हमला कर दिया। हमला होते ही किशोर तोमर गिर गए, इस बीच वह गले से सोने की चैन लूटकर भाग निकला। इस सनसनीखेज घटनाक्रम की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस की टीमों में आरोपी लल्ला पंडित की तलाश शुरु कर दी। इस दौरान खबर मिली कि वह जबलपुर रेलवे स्टेशन के आसपास है। ट्रेन से शहर से बाहर जाने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद कोतवाली पुलिस की टीम जबलपुर पहुंची और घेराबंदी कर हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को हिरासत में लिया। पुलिस की टीम लल्ला पंडित को कटनी लेकर पहुंची और जुलूस निकाला, पुलिस उस स्थान पर ले गई जहां पर उसने वारदात को अंजाम दिया था।
Tags
jabalpur