जबलपुर। रांझी थानान्तर्गत आजाद नगर मंदिर में आयोजित भंडारा कार्यक्रम में बीती रात अफरातफरी मच गई,जब धारदार हथियारों से लैस होकर आए बदमाशों ने प्रसाद खा रहे लोगों पर हमला करना शुरु कर दिया। अचानक किए गए हमले में कई लोगों को चोटें आई। हमला होते देख श्रद्धालु अपनी जान बचाकर इधर से उधर भागने लगे। कुछ ही पल में धार्मिक कार्यक्रम में कोहराम मच गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी बल सहित मौके पर पहुंच गए और घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समीर व उसके साथियों की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि आजाद नगर मंदिर में भंडारा कार्यक्रम चल रहा है, जहां पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। तभी कुछ युवक तेज गति से मोटर साइकल लेकर निकले, जिन्हे स्थानीय लोगों ने उन्हें टोकते हुए गाड़ी धीरे चलाने की हिदायत दी। इस बात से युवक भड़क गए, उन्होने उस वक्त तो कुछ नहीं कहा लेकिन कुछ ही देर बाद हथियारों से लैस होकर मोटरसाइकलों से 6 से 8 बदमाश आए और भंडारा कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ हमला करना शुरु कर दिया। अचानक किए गए हमले को देख प्रसाद ग्रहण कर रहे लोगों में चीख पुकार व भगदड़ मच गई, लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर से उधर भागते नजर आए। इस बीच कुछ लोगों ने हिम्मत करते बीच बचाव करने की कोशिश की तो उनपर भी हमला किया गया। घटना की खबर मिलते ही रांझी थानाप्रभारी उमेश गोल्हानी सहित अन्य पुलिस अधिकारी बल सहित मौके पर पहुंच गए, जिन्होने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। वहीं दूसरी ओर भंडारा कार्यक्रम की चहल पहल सन्नाटे में तब्दील हो गई थी, दहशतजदा श्रद्धालु अपने अपने घरों को चले गए। पुलिस द्वारा मामले में मुख्य आरोपी समीर व उसके साथियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
हमले में इन्हे आई गंभीर चोटें-
पुलिस के अनुसार हमले में रवि गोटियां, रागिनी गोटियां, पप्पू वर्मा, अनुज कोल, पारस यादव, आदि गोटियां, बिट्टू झरिया और मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।