khabar abhi tak

जबलपुर में 7000 नए धान पंजीयनों की होगी जमीनी जांच,सीएम हेल्पलाइन पर भी फोकस




कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक, सीएम हेल्पलाइन और राजस्व मामलों के तुरंत निराकरण के आदेश, ​संबल पोर्टल पर प्रसूति सहायता की अड़चन दूर करें, समग्र आईडी ट्रांसफर के निर्देश

जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई समय-सीमा बैठक में धान पंजीयन, राजस्व प्रकरण, सीएम हेल्पलाइन, प्रसूति सहायता, एम्बुलेंस व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर रविशंकर राय और अखिलेश सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बताया कि जिले में इस वर्ष 7000 अधिक किसानों का पंजीयन दर्ज हुआ है, जिसकी गहन जांच जरूरी है। सिकमी, प्रथम बार पंजीकृत, 5 हेक्टेयर से अधिक रकबे, नए खसरे और संयुक्त खातों के प्रकरणों की विशेष पड़ताल होगी। सैटेलाइट इमेज व धरातल पर भिन्नता दिखने पर मौके पर भौतिक सत्यापन होगा। आरसीएमएस पोर्टल पर राजस्व मामलों के शत-प्रतिशत पंजीयन तथा समय-सीमा में निपटारे के आदेश दिए गए। 50 और 100 दिवस से अधिक लंबित जनशिकायतों को वरीयता पर हल करने, विभागीय रैंकिंग सुधारने तथा अधोसंरचना निर्माण को गति देने के निर्देश दिए।

​धान के संदिग्ध प्रकरणों की मौके पर होगी जांच

​कलेक्टर ने निर्देशित किया कि फसल उपार्जन के लिए पंजीकृत सभी कृषकों का मापदंडों के अनुसार सूक्ष्म सत्यापन किया जाए। सैटेलाइट द्वारा प्राप्त डेटा और खेत के वास्तविक स्वरूप में जरा भी विसंगति मिलने पर राजस्व अमला सीधे मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार करेगा। बड़े काश्तकारों, सिकमी बटाईदारों और नवीन खसरों के अभिलेखों का सूक्ष्म मिलान सुनिश्चित किया जाए।

​समग्र आईडी हस्तांतरण से सुलझेगा प्रसूति सहायता मामला

​विवाह उपरांत वधुओं की समग्र आईडी पति के कुल में दर्ज न होने के कारण संबल-2.0 पोर्टल पर पति की जानकारी नहीं आ पा रही थी, जिससे प्रसूति सहायता की राशि अटक रही थी। सभी एसडीएम को स्वास्थ्य, श्रम विभाग और बीएमओ के साथ बैठकर इस तकनीकी बाधा को दूर करने को कहा गया है। गैर-जरूरी नई आईडी न बनाकर पुरानी आईडी को ही ट्रांसफर किया जाए।

​एम्बुलेंस किराए की जांच और नए भवन निर्माण

​शहर के भीतर तथा नागपुर सहित बाह्य जिलों के लिए निजी व सरकारी एम्बुलेंस के किराए, 108 सेवा के नियमों, ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवनरक्षक उपकरण और तकनीकी स्टाफ की स्थिति की जांच होगी। सात दिवस के भीतर इसकी पूरी रिपोर्ट तलब की गई है। इसके अतिरिक्त जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे शेष आंगनवाड़ी भवनों की नींव इसी हफ्ते डलवाएं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak