जबलपुर। बरगी क्षेत्र स्थित ग्राम देवरी और खापा में रविवार को खेतों में फसल अवशेष जलाने पर राजस्व और कृषि विभाग के संयुक्त दल ने स्थलीय निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे के अनुसार मौके पर आशीष कुमार चौकसे, मिथिलेश चौकसे, कमलेश चौकसे, चम्मां राजपूत और संतोष गोंड द्वारा पराली जलाना पाया गया। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी द्वारा तैयार इस पंचनामे को संबंधित तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे दोषियों पर नियमानुसार पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
नियम तोड़ने वालों से वसूला जाएगा जुर्माना
अपर जिला दण्डाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 (2) के तहत जिले की सीमा में नरवाई जलाने पर पूर्ण रोक लगा रखी है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के मापदंडों के अनुसार रोक के बावजूद धुआं उड़ाने वालों पर भूमि रकबे के आधार पर 2,500 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक की शास्ति लगाने का स्पष्ट प्रावधान तय है। केवल आर्थिक दंड ही नहीं, बल्कि जारी प्रतिबंधात्मक आदेश की अवहेलना करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है। प्रशासन ने किसानों से आधुनिक कृषि यंत्र अपनाने को कहा है। कम्बाईंड हार्वेस्टर से धान कटाई करवाते समय सुपर स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रा रीपर या बेलर का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। अवशेष जलाने से मिट्टी की प्राकृतिक उपजाऊ क्षमता खत्म होती है और जैविक मित्र कीट भी जलकर नष्ट हो जाते हैं। धरा की उर्वरा शक्ति सुरक्षित रखने के लिए सभी को सरकारी निर्देशों का अक्षरशः पालन करना आवश्यक है।

