khabar abhi tak

जबलपुर-सिवनी मार्ग पर हादसा : ट्राले में घुसी पिकअप, पीछे से यात्री बस भी टकराई, 30 से ज्यादा यात्री घायल

जबलपुर/सिवनी. मध्य प्रदेश के नेशनल हाइवे 44 पर जबलपुर- सिवनी के बीच गणेशगंज बायपास ब्रिज के पास सोमवार सुबह सड़क हादसा हो गया। यहां आगे चल रहे ट्राले में पिकअप वाहन जा घुसा। इसी दौरान पीछे से आ रही यात्री बस भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की जनहानि नहीं हुई। बस में सवार 30 से अधिक यात्रियों के मामूली रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।

हैदराबाद जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, यात्री बस गोरखपुर से हैदराबाद की ओर जा रही थी। गणेशगंज बायपास ब्रिज के पास पिकअप वाहन ट्राले से टकरा गया। इसी बीच पीछे से आ रही बस भी उससे भिड़ गई। तीन वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। हालांकि, किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रॉन्ग साइड से निकालने पड़े वाहन

हादसे के कारण नेशनल हाईवे-44 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पंचवटी ढाबे के सामने लखनादौन से सिवनी की ओर जाने वाले वाहनों को रॉन्ग साइड से निकालना पड़ा। इससे जाम जैसी स्थिति बनने लगी और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पेट्रोलिंग टीम ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया और यातायात व्यवस्थित कराया। इसके बाद हाईवे पर आवागमन सुचारू हो सका। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak