भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। इसके तहत भोपाल, ग्वालियर, सागर और जबलपुर को प्रमुख केंद्र बनाकर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के लिए बस संचालन के मार्ग तय कर दिए गए हैं। इन मार्गों की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। अब इन पर बसें चलाने के लिए निजी बस ऑपरेटरों से प्रस्ताव (ईओआई) आमंत्रित किए जाएंगे।
परिवहन विभाग ने अगले एक वर्ष में 2500 बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा है। वहीं, वर्ष 2031 तक प्रदेश में 15 हजार बसें सड़कों पर उतारने की योजना है।
प्राधिकरण के पुनर्गठन के बाद प्रक्रिया में आई तेजी
परिवहन विभाग के सचिव मनीष सिंह के अनुसार, अगले एक वर्ष में 2500 बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। निर्धारित मार्गों पर निजी बस ऑपरेटरों को बस संचालन का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के संचालन के लिए परिवहन प्राधिकरण का गठन जरूरी था। प्राधिकरण के गठन और पुनर्गठन का मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण ईओआई जारी करने समेत अन्य प्रक्रियाएं करीब दो माह से रुकी हुई थीं। न्यायालय से मामले का निराकरण होने के बाद गुरुवार को प्राधिकरण का पुनर्गठन कर दिया गया है। इससे आगे की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
सात शहरों से चल रहीं 351 बसें
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत 25 सितंबर को हुई थी। पहले चरण में प्रदेश के सात शहरों से 351 बसों का संचालन शुरू किया गया। इनमें इंदौर से 145, भोपाल से 106, जबलपुर से 67, रीवा से 18, देवास से 10, कटनी से तीन और भिंड से दो बसें संचालित हो रही हैं।
