जबलपुर। शहर के खमरिया थाना अंतर्गत आने वाली उमरिया नहर में सोमवार ाके बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया 10 वर्षीय बालक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद से ही बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
परिजनों की सूचना पर खमरिया पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। बालक की खोजबीन के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है, हालांकि तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है।
पुलिस के अनुसार, बबलू ठाकुर का 10 वर्षीय पुत्र आशीष ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ उमरिया नहर के पास गया था। दोपहर में नहाने के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे आशीष संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते बालक पानी की धार के साथ बह गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बालक के घर न लौटने और हादसे की खबर मिलते ही मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने तुरंत खमरिया थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि बालक के नहर में बहने की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। चूंकि नहर में पानी का बहाव काफी तेज है, इसलिए आशंका है कि बच्चा बहकर आगे की ओर निकल गया होगा। आसपास के संबंधित थानों को भी सूचित कर अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस पूरी शिद्दत से तलाश में जुटी हुई है।
