जबलपुर। माढ़ोताल थानान्तर्गत स्टार सिटी फेस 4 में रहने वाले जितेन्द्र सिंह बैस के घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने के जेवर व तीन लाख रुपए पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात उस वक्त हुई है जब जितेन्द्र अपनी भाभी की तबियत खराब होने पर सागर गए थे। पुलिस ने जांच के बाद चोरों की तलाश शुरु कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर भी पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि शताब्दीपुरा दानव बाबा रोड महाराजपुर ग्वालियर निवासी जितेन्द्र सिंह बैस वर्तमान में जबलपुर के माढ़ोताल में स्टार सिटी फेस फोर में रहते है। पिछले दिन वे अपनी भाभी की तबियत खराब होने के कारण घर में ताला लगाकर सागर चले गए। इस दौरान सूने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने आलमारी के लॉकर से पत्नी गरिमा चौहान के सोने के दो मंगलसूत्र, चार चूड़ी, दो चैन, 7 अंगूठी, एक जोड़ी टाप्स, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी लटकन, चांदी का बे्रसलेट, दो जोड़ी पायल, तीन लाख रुपए नगद पर हाथ साफ कर दिया। बीते दिन मकान मालिकिन प्रतिभा पटेल ने जितेन्द्र के घर का ताला टूटा देखा तो सूचना दी। खबर मिलते ही जितेन्द्र परिवार सहित घर आए तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है, आलमारी में रखे जेवर व नगदी रुपए गायब है। जितेन्द्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरु कर दी है।