अब तक 15 सदस्य तय कोटे के आधार पर चुने गए, शेष 3 पदों के लिए 7 प्रत्याशियों में मुकाबला जारी
जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में जबलपुर के दो प्रमुख अधिवक्ताओं ने विजय हासिल की है। मतगणना के कड़े मुकाबले के बाद सुनील मिश्रा और नवीन शुक्ला विधिवत सदस्य निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं। इन दोनों प्रत्याशियों की जीत के साथ ही अब तक स्टेट बार कौंसिल में कुल 15 उम्मीदवार निर्धारित विजय कोटा हासिल कर परिषद के सदस्य बन चुके हैं। चुनाव मैदान में अब केवल 7 प्रत्याशी शेष बचे हैं, जिनके बीच बाकी बचे 3 पदों के लिए मतों का वरीयता क्रम जारी है।
एलिमिनेशन राउंड के 32वें दिन सागर के प्रत्याशी बाहर, शेष प्रत्याशियों में बढ़त की होड़
मतगणना प्रक्रिया के तहत एलिमिनेशन राउंड के 32वें दिन सागर के प्रत्याशी राजेश कुमार पांडेय आवश्यक वरीयता मत प्राप्त न कर पाने के कारण मुकाबले से बाहर हो गए। स्टेट बार कौंसिल चुनाव के इतिहास में इस बार मुकाबला बेहद कड़ा देखा जा रहा है। अब तक निर्वाचित हो चुके प्रमुख चेहरों में राकेश सिंह भदौरिया इंदौर, अखिलेश कुमार सक्सेना इंदौर, आरके सिंह सैनी जबलपुर, विवेक सिंह इंदौर, संदीप मेहता उज्जैन, नित्यानंद मिश्रा जबलपुर, हितोषी जय हार्डिया इंदौर, नरेन्द्र कुमार जैन इंदौर, डॉ. विजय कुमार चौधरी भोपाल, मनीष तिवारी जबलपुर, अखंड प्रताप सिंह रीवा, जितेन्द्र कुमार शर्मा ग्वालियर और गौरव मिश्रा ग्वालियर शामिल हैं। वर्तमान में बची हुई 3 सीटों के लिए जो 7 प्रत्याशी मैदान में डटे हुए हैं, उनमें राशिद सुहैल सिद्दीकी, दिनेश कुमार शुक्ला, शैलेन्द्र वर्मा और अन्नू पटेल ने अन्य प्रतिद्वंद्वियों पर मजबूत बढ़त बना रखी है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार अंतिम परिणाम जल्द आने की उम्मीद है। चुनाव परिणाम आने के बाद स्टेट बार कौंसिल के नए पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया आरंभ होगी।
