जबलपुर। गढ़ा के धनवंतरी नगर रोड स्थित मेडिकल डीन ऑफिस गेट के पास टपरिया बनाकर रह रहे एक वृद्ध के साथ पड़ोस के चाय दुकानदार और उसकी पत्नी द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस विवाद में आरोपियों ने वृद्ध को गालियां दीं, हाथ-मुक्कों से पीटा और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पीडि़त के बेटे की शिकायत पर गढ़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिवनगर दमोहनाका निवासी सिद्धार्थ जैन ने पुलिस को बताया कि उनके पिता अशोक कुमार जैन मेडिकल डीन ऑफिस गेट के पास रोड किनारे टपरिया में रहते हैं। बीती रात करीब 9.30 बजे जब उनके पिता टपरिया के बाहर मौजूद थे, तभी पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोस का चाय दुकानदार सुखदेव सोनी और उसकी पत्नी ज्योति गाली-गलौज करने लगे। जब वृद्ध अशोक कुमार ने गालियां देने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हाथ-मुक्कों से की गई मारपीट के कारण वे जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान सुखदेव सोनी ने किसी नुकीली चीज से वार कर उनके दाहिने हाथ की हथेली (गदेली) को जख्मी कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीडि़त ने घटना के बाद फोन पर अपने बेटे को पूरी आपबीती सुनाई। सिद्धार्थ जैन की रिपोर्ट के आधार पर थाना गढ़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों—सुखदेव सोनी और ज्योति सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।